संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। धनुआ क्षेत्र में अभ्यास के दौरान बिजली के तार से उलझने से घायल हुए ट्रेनर पैराग्लाइडर की शनिवार सुबह जीएमसी जम्मू में मौत हो गई है। उसकी पहचान मुनीश कुमार पुत्र कमल कुमार निवासी चंबा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। इस संबंध में पौनी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पैराग्लाइडर मुनीश कुमार पौनी के धनुआ में स्थित पैराग्लाइडिंग प्वाइंट पर बतौर ट्रेनर काम करता था। धनुआ आए उसे पांच से छह महीने ही हुए थे। शुक्रवार को दोपहर के समय मुनीश पैरागलाइडिंग करते हुए धनुआ से सैली खडड की तरफ निकला था। इस दौरान वह पैराग्लाइडर को नियंत्रित नहीं कर सका और बिजली की 11 केवीए लाइन के साथ अटक गया। घटना के बाद लोगों ने पुलिस और बिजली विभाग को सूचित किया। करीब 20-25 मिनट तक वह बिजली तार से लटकता रहा। बाद में उसे उतार कर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। हादसे के दौरान मुुनीश का पेट से नीचे का हिस्सा करंट से झुलस गया था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसएचओ पौनी पूर्व सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।