पैंथर्स पार्टी जम्मू स्टेट चाहती है। अनुच्छेद 370 में संशोधन चाहती है। युवाओं, बेरोजगारों, रिफ्यूजियों, किसानों, मजदूरों के हक के लिए पैंथर्स पार्टी असेंबली में आवाज बुलंद करती रहेगी। यह बातें प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता के दौरान सोमवार को पैंथर्स सुप्रीमो प्रो. भीम सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपने सात विधायकों को संभाल नहीं सके। वहीं 44 प्लस की बातें की जा रही हैं। उन्होंने 75 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारने के बारे में स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि इस तस्वीर को जल्द स्पष्ट कर दिया जाएगा, जबकि लेह-लद्दाख, गुरेज, बांदीपोरा चार सीटों पर पार्टी चुनाव नहीं लड़ रही है, क्योंकि वहां उन्हें सुरक्षा प्रबंध नहीं मिल सका है।
दो सीट पर मीडिया के लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें पार्टी द्वारा आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि वह पार्टी से जुड़कर चुनाव मैदान में उतर सकें। वहीं एक्स सर्विस मैन को भी पार्टी की ओर से टिकट देने की बात कही। प्रो. सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में क्या हो रहा है, यह पूरा देश तमाशा देख रहा है।
कांग्रेस और भाजपा क्या कर रही है, इसे भी जम्मू-कश्मीर की आवाम देख रही है। साठ साल से भेड़ बकरियों की तरह यहां के लोगों का इस्तेमाल किया गया। लाखों रिफ्यूजी मूल अधिकारों से वंचित हैं। उनके अधिकारों के लिए पैंथर्स पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी जम्मू स्टेट चाहती है, इसमें कोई समझौता नहीं हो सकता।