डीजल के दामों में कमी आने पर सरकार से यात्री और मालवाहक वाहनों का किराया कम करने की मांग ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। इसको लेकर पंचायत राजपुरा के सरपंच धनत्तर सिंह (बिट्टू), पंचायत हलका के चेयरमैन गुलाब सिंह सलारिया आदि का कहना है कि डीजल के दामों में कमी होने का फायदा सरकार आम जनता तक पहुंचाए।
सरपंच का कहना था कि प्रशासन और यात्री वाहनों के मालिकों के बीच बने गठजोड़ के कारण लोगों को मुश्किलों का समाना करना पड़ रहा है।
पहले यात्री किराया बढ़ाने के समय कई क्षेत्रों की दूरी को बढ़ा चढ़ाकर पेश किया गया। वहीं उसके बाद डीजल के दामों में बढ़ोतरी का बहाना बनाकर किराये में इजाफा कर दिया गया। अब दाम कम होने के बावजूद किराये में कमी नहीं की गई है।
चेयरमैन गुलाब सिंह का कहना है कि डीजल के दाम साढ़े पांच रुपये के करीब कम हुए, लेकिन इसका फायदा यात्री वाहनों में सफर करने वालों को नहीं हुआ। डीजल के दाम कम होने का फायदा यात्री वाहनों, मालवाहक और महंगी एसयूवी चलाने वालों को ही हुआ।
आम आदमी आज भी उसी महंगाई की चक्की में पिस रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि तुरंत यात्री किराये पर गौर कर उन्हें कम किया जाए। इसके अलावा दूरी मापने में भी विभाग को स्थानीय लोगों का सहयोग लेना चाहिए।