उन्होंने कहा कि कश्मीर डिवीजन में 29 लाख 91 हजार 128 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि जम्मू डिवीजन में 28 लाख 63 हजार 080 मतदाता हैं। काबरा ने कहा कि मतदाताओं को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के बारे में जागरूक करने के लिए उर्दू और अंग्रेजी भाषा में मतदाताओं को पर्ची दी जाएगी।
वोटिंग के लिए मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य
वोट देने के लिए मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य होंगे। उन्होंने कहा कि निशुल्क और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए इंडिपेंडेंट ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑब्जर्वर से चुनावी प्रक्रिया के हर चरण पर करीबी नजर रखने के लिए कहा जाएगा।
कश्मीरी पंडितों को डाक मतपत्र की सुविधा
काबरा ने यह भी कहा कि प्रवासी कश्मीरी पंडितों को डाक मतपत्र के माध्यम से पंचायत चुनावों में मतदान करने में सक्षम बनाने के लिए एक योजना तैयार की गई है।
सरपंच 20 व पंच के लिए 5 हजार खर्च सीमा
सीईओ ने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए किए जाने वाले खर्च की लिमिट सरपंच के लिए 20 हजार रुपये और पंच के लिए 5 हजार रुपये रखी गयी है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। संबंधित उपायुक्त इस उद्देश्य के लिए पर्याप्त संख्या में वीडियो और डिजिटल कैमरे और कैमरा टीमों की व्यवस्था करेंगे।
सीईओ ने हाल ही में आयोजित निकाय चुनावों में कम मतदान पर टिप्पणी करने से इंकार किया और कहा कि उन्होंने अधिसूचनाओं के विज्ञापन के लिए सब कुछ किया है। काबरा ने कहा- ‘आप इस सवाल को किसी अन्य व्यक्ति से पूछ सकते हैं जो इस संबंध में टिप्पणियों के लिए प्रासंगिक होगा।’ इतना ही नहीं जब काबरा से मीडिया के लोगों को मतदान केंद्रों में प्रवेश करने से रोकने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मीडिया के लोग बूथों के बाहर से भी चीजों का निरीक्षण कर सकते हैं और यह सब मतदाताओं की संतुष्टि के लिए किया गया होगा। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि हर जिला उपायुक्त को यह निर्देश दिये जाएंगे कि सभी जानकारी को मीडिया के साथ शेयर करें।
पंचायत चुनाव से संबंधित मुख्य तिथि
अधिसूचना 23,26, 29 अक्टूबर, 1,3, 6, 9, 12 और 14 नवंबर को जारी की जाएगी।
नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर, 2, 5, 8,10, 13, 16, 19 और 22 नवंबर।
नामांकन की जांच की तारीख 31 अक्टूबर,3, 6, 9, 12, 14, 17, 20 और 24 नवंबर।
नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 2,5, 8, 12,14,16,19, 22 और 26 नवंबर।
मतदान 17, 20, 24, 27, 29 नवंबर,1,4,8,11 दिसंबर।
चुनाव की प्रक्रिया 17 दिसंबर को पूरी की जाएगी।