पंचायत चुनाव को एक साल बीतने के बाद अब सरकार उपचुनाव करवाने जा रही है। जम्मू संभाग के दस जिलों में उपचुनाव पहले चार चरण में होने जा रहे हैं। चुनाव विभाग अगले सप्ताह अधिसूचना जारी कर सकता है, वहीं यह चुनाव 14 फरवरी से मार्च माह के बीच होने की संभावना है।
इन चुनाव में 148 ब्लॉक, 2121 पंचायतें और 16311 वार्ड शामिल होंगे। जम्मू जिले में पहले और तीसरे, सांबा में पहले और कठुआ जिले में चौथे चरण में उपचुनाव होंगे। रियासी में पहले और दूसरे तथा उधमपुर जिले में पहले चारों चरणों में अलग अलग ब्लाक में चुनाव करवाने की तैयारी है।
रामबन में दूसरे और चौथे, किश्तवाड़ में पहले और दूसरे चरण में जबकि डोडा जिले में दूसरे और तीसरे चरण में पंचायत उपचुनाव करवाए जाएंगे। कश्मीर संभाग के अन्य जिलों में आखिर के चार से पांच चरणों चुनाव करवाए जा सकते हैं। संभाग के बर्फबारी प्रभावित इलाकों में चौथे चरण में चुनाव करवाने की तैयारी है।