पुलवामा हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकी
- फोटो : DEMO PHOTO
पुलवामा पुलिस लाइन हमले में मारे गए तीनों आतंकियों की शिनाख्त कर ली गई है। जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीनों पाकिस्तानी आतंकी थे। इस बीच पुलिस लाइन परिसर में जहां आतंकी हमला हुआ था, उस स्थल को सील कर वहां लोगों को जाने से रोक दिया गया है, ताकि यदि कोई विस्फोटक फटने से रह गया हो तो किसी प्रकार का नुकसान न हो।
हमले के बाद रियासत के सभी पुलिस लाइनों तथा महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ज्ञात हो कि हमले में सीआरपीएफ तथा पुलिस के चार-चार जवान शहीद हो गए थे। सीआरपीएफ के घायल तीन जवानों की हालत स्थिर है। फिदायीन हमला करने वाले तीनों आतंकियों के शव रविवार को बरामद कर लिए गए। इनकी शिनाख्त अबु साद, दाउद तथा अल बकर के रूप में हुई है।
सूत्रों का कहना है कि आतंकियों ने आईईडी बिछा रखा था, जिसे डिफ्यूज करने के दौरान काफी दूर तक धमाके की आवाज सुनी गई। आतंकियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों ने जहां वे छिपे थे, उस बिल्डिंग को विस्फोट कर गिरा दिया। इस दौरान लगी आग में दो आतंकियों के शव बुरी तरह झुलस गए थे। घायल 92 बेस अस्पताल में भर्ती सीआरपीएफ के घायल जवानों प्रभु नारायण यादव, पहमे कुमार तथा राय सुधाकर एसबी की हालत स्थिर बताई जा रही है।