भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर मंगलवार देर रात बीएसएफ के जवानों घुसपैठ की बड़ी साजिश को नाकाम बना दिया। मंगलवार देर रात करीब एक बजे दो से तीन आतंकियों के एक दल ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की।
पाकिस्तान की अभ्याल डोगरा पोस्ट से आतंकियों के लिए कवरिंग फायर भी किए गए। पर बीएसएफ जवानों की सतर्कता के चलते आतंकी करीब दो घंटे तक झाड़ियों में ही छिपे रहे और आगे नहीं बढ़ सके।
इस दौरान पाक फायरिंग का बीएसएफ की ओर से मुंहतोड़ जवाब दिया गया। करीब दो घंटे बाद घुसपैठिए पाकिस्तान की ओर उल्टे पांव लौट गए। इसके बाद दोनों ओर से फायरिंग बंद हो गई।
बुधवार सुबह बीएसएफ की ओर से क्षेत्र में तलाशी अभियान भी चलाया गया। बीएसएफ सूत्रों की मानें तो सीमा पर सतर्कता और तैनाती भी बढ़ाई गई है।