उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमले के दौरान जिंदा पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद सहित छह लोगों की न्यायिक रिमांड 13 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है।
पांच अगस्त को हुए इस हमले के पांच माह बीत जाने के बाद उम्मीद थी कि नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए)इस सप्ताह चालान पेश करेगी, लेकिन जांच एजेंसी ने सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश कर 13 दिन की रिमांड बढ़ाने की अपील की।
एनआईए के सीनियर पीपी बलवंत सिंह मन्हास ने अदालत में दलील दी कि इस मामले में अभी कुछ और लोगों की गिरफ्तारी का इंतजार है। ऐसे में पूछताछ के दौरान इनकी जरूरत पड़ेगी।
एनआईए की विशेष अदालत के जज किशोर कुमार ने आवेदन पर गौर करने के बाद सभी छह आरोपियों को 16 जनवरी तक न्यायिक रिमांड में कोट भलवाल जेल भेज दिया।
एनआईए ने सोमवार को नावेद के अलावा खुर्शीद अहमद भट (अवंतीपोरा, पुलवामा), शौकत अहमद भट (पुलवामा), शाबजार अहमद भट (कुलगाम), खुर्शीद अहमद इट्टू और फैयाज अहमद इट्टू (दोनों कुलगाम) को अदालत में पेश किया था।