आरएस पुरा में आईबी पर मारा गया घुसपैठिया
- फोटो : संवाद
तारबंदी तक पहुंच गया था घुसपैठिया, पाक रेंजरों ने शव लेने से किया इनकार
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतीय क्षेत्र में घुस आए पाकिस्तानी घुसपैठिए को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने रविवार देर रात मार गिराया। इसके बाद बीएसएफ ने पाकिस्तानी रेंजरों से संपर्क किया परंतु रेंजरों ने शव लेने से इनकार कर दिया। जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के बाद दफना दिया गया। खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि यह घुसपैठिया आतंकियों का गाइड हो सकता है।
बीएसएफ ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया
पुलिस और बीएसएफ ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया, हालांकि घुसपैठिये के शव के सिवाय कोई अन्य सामान नहीं मिला। सूत्रों ने बताया कि काले लिबास में घुसपैठिया पाकिस्तान की कनारपुर चौकी की तरफ से आया था। सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवान इस पर लगातार नजर बनाए रहे।
तारबंदी को पार करने की कोशिश
यह काफी समय तक पाकिस्तान के क्षेत्र में ही संदिग्ध गतिविधियां करता रहा। बाद में वह सीमा पर जीरो लाइन पर पिलर नंबर-938-39 पार कर भारतीय क्षेत्र में घुस आया। यहां उसने तारबंदी को पार करने की कोशिश, जिस पर उसे चुनौती दी गई। जब वह नहीं रुका तो उसे वहीं ढेर कर दिया गया।
यात्रा को लेकर बड़ी साजिश की आशंका
खुफिया एजेंसियों को सीमा पार से घुसपैठ के इनपुट पहले से मिल रहे हैं। ऐसे में अमरनाथ यात्रा से ऐन पहले घुसपैठ की कोशिश बड़ी साजिश की ओर भी इशारा करती है।
डोडा में पकड़ा गया आतंकी
- फोटो : एएनआई
डोडा में पिस्टल, गोलियों के साथ आतंकी गिरफ्तार
अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के बीच डोडा पुलिस ने एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक चीन निर्मित पिस्टल, दो मैगजीन, 14 गोलियां और एक मोबाइल बरामद किया गया है। आतंकी की पहचान फरीद अहमद निवासी डोडा के रूप में हुई है, जिसे हथियार देकर पुलिस पर हमले का काम सौंपा गया था।
बाहरी इलाके में जांच नाके पर पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, फरीद अहमद को डोडा कस्बे के बाहरी इलाके में जांच नाके पर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से हथियार और गोलियां भी बरामद हो गईं। जांच में पता चला कि फरीद को इसी साल मार्च माह में एक संदिग्ध ने पिस्टल और गोलियों की खेप दी थी।
फरीद सीमा पार आतंकी कमांडरों के संपर्क
फरीद सीमा पार आतंकी कमांडरों के संपर्क में था, जिसे वहां से निर्देश भी मिल रहे थे। उसे पुलिस पर हमला करने का जिम्मा दिया गया था। फरीद का नेटवर्क कहां तक फैला है, इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।