अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर में सोमवार दोपहर पाकिस्तान का एक टू सीटर विमान भारतीय सीमा करीब एक किलोमीटर तक घुस आया। करीब पांच मिनट तक यह पाकिस्तानी विमान भारतीय सीमा में उड़ान भरता रहा।
बीएसएफ ने इस मामले में पाकिस्तानी रेंजरों से विरोध दर्ज करा दिया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एयर ट्रैफिक उल्लंघन के इस संगीन मामले पर बीएसएफ अब लिखित में संज्ञान लेने के तैयारी कर रही है।
सोमवार को दोपहर 1:05 मिनट पर आरएस पुरा की बीओपी संगराल पोस्ट पर तैनात 127 बटालियन के जवानों ने दो सीटर पाकिस्तानी विमान देखा। विमान करीब 350 मीटर की ऊंचाई पर उड़ रहा था। यहां से विमान पाकिस्तान की सीमा में लौट गया। इस पोस्ट के सामने पाकिस्तान की पटवाल पोस्ट है।
विमान ने दो पोस्टों को पांच मिनट के अंतराल में कवर किया
भारतीय सीमा में घुसा पाक का विमान
- फोटो : File Photo
कुछ ही देर बाद एक पाकिस्तानी विमान अरनिया सेक्टर की विक्रम पोस्ट के पास 200 मीटर की ऊंचाई पर उड़ता देखे जाने की भी सूचना मिली। इस पोस्ट के सामने पाकिस्तान की शाहिद इकबाल पोस्ट बताई जाती है।
इसके बाद पता चला कि पाकिस्तानी विमान विक्रम पोस्ट से संगराल पोस्ट की ओर गया था। विमान ने दो पोस्टों को पांच मिनट के अंतराल में कवर किया। बीएसएफ की ओर से रक्षा मंत्रालय को इस घटना से अवगत करा दिया गया है।
पाकिस्तान से लिखित विरोध दर्ज कराएंगे
बीएसएफ के आईजी डी के उपाध्याय ने अमर उजाला को बताया कि अरनिया और आरएस पुरा में पाकिस्तान के विमान ने घुसपैठ की है। इसका भारत ने विरोध भी दर्ज कराया है। मंगलवार को पाकिस्तान से लिखित में विरोध दर्ज कराया जाएगा। ऐसी घटनाएं बीते दो सालों में इक्का दुक्का ही हुईं हैं। यह गलती भी हो सकती है और जानबूझ कर भी किया जा सकता है।
पहले भी सीमा लांघ चुके हैं पाक के विमान
भारत-पाक सीमा
- फोटो : PTI
इससे पहले भी कई बार पाकिस्तान की ओर से एलओसी और आईबी पर वायु सीमा का उल्लंघन किया जा चुका है। 29 जनवरी 2015 को भी पाकिस्तान का एक टोही विमान एलओसी पर पुंछ में भारतीय सीमा में घुस आया था।
इसके अलावा 19 जनवरी 2011 को भी दो पाकिस्तानी विमान आरएस पुरा सेक्टर में भारतीय सीमा में घुस आए थे। 2010 में भी पाकिस्तान की ओर से आईबी पर दो बार वायु सीमा का उल्लंघन किया गया था।