अमेरिकी विदेश मंत्री जान केरी द्वारा भारत और पाकिस्तान को शांति वार्ता फिर से शुरू करने की सलाह दिए जाने के बावजूद पाकिस्तान ने मंगलवार को कहा कि वह बातचीत के एजेंडे में कश्मीर मुद्दे के शामिल नहीं होने पर भारत के साथ कोई कोई बातचीत शुरू नहीं करेगा।
पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज और केरी ने यहां आपसी द्विपक्षीय रणनीतिक वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। अजीज ने कहा कि कश्मीरी नेताओं के साथ मुलाकात को लेकर पिछले वर्ष की निर्धारित वार्ता को रद्द करना दिखाता है कि भारत इस मुद्दे पर वार्ता का इच्छुक नहीं था।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ कश्मीर मुद्दे के बिना बातचीत शुरू नहीं करेगा। उधर केरी ने कहा कि अमेरिका भारत और पाकिस्तान को आगे बढ़ने तथा मुद्दों के समाधान के वासते वार्ता करने के लिए प्रोत्साहित करना जारी रखेगा। उन्होंने दोनों पड़ोसी देशों के बीच सीमा पर तनाव को लेकर भी चिंता जाहिर की।