गोलाबारी के दौरान मोर्चा संभाले जवान
- फोटो : File Photo
अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और एलओसी पर वर्ष 2003 में हुआ संघर्ष विराम का समझौता बेमानी होता नजर आ रहा है। पीओके में आतंकी शिविरों पर सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से अब तक पाकिस्तान ने 286 मर्तबा सीजफायर उल्लंघन कर दिया है। एलओसी, आईबी और एक्चुअल ग्राउंड पोजीशन लाइन पर पाकिस्तानी गोलाबारी से अब तक 14 सुरक्षा बलों समेत 26 लोगों की मौत हो चुकी है।
जम्मू-कश्मीर में 190 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम की 186 घटनाएं हो चुकी हैं। 500 किलोमीटर लंबी लाइन आफ कंट्रोल पर पाकिस्तान ने 104 मर्तबा सीजफायर तोड़ा है। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अफसर के अनुसार 28 और 29 सितंबर की रात को भारत की ओर से की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी रेंजरों ने कठुआ, सांबा और जम्मू जिलों में स्थित बार्डर आउट पोस्टों को निशाना बनाते हुए 182 बार सीजफायर तोड़ा।
120 एमएम मोर्टार सहित अन्य हथियाराें का इस्तेमाल कर पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचाया। जम्मू संभाग में एलओसी पर 85 बार सीजफायर तोड़ा गया, जबकि कश्मीर संभाग में एलओसी पर 19 मर्तबा संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ। भारत और पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल आफ मिलिट्री आपरेशंस के बीच 25 नवंबर 2003 को सीजफायर पर समझौता हुआ था।