पाकिस्तान ने लगातार तीसरे दिन भी सीमा पार से गोलीबारी की है। खबर है कि पाकिस्तनी रेंजर्स ने पुंछ के सवजियां इलाके से लगती एलओसी पर सुबह के समय फायरिंग की है। अभी तक सेना की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि बुधवार को भी पाक ने अरनियां सेक्टर में अग्रिम पोस्ट को निशाना बनाकर गोलाबारी की थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान रेंजर्स ने बुधवार सुबह अरनिया सेक्टर में तीन बीएसएफ चौकियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पाकिस्तान ने बुधवार सुबह छह बजे गोलीबारी शुरू की। वे छोटे व स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल कर रहे थो। बीएसएफ ने गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया।
फायरिंग से सीमावर्ती ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा। हालांकि इस दौरान किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। मंगलवार को भी शाम करीब सात बजे पाक ने अपनी पासवान पोस्ट से भारत की टेंट गार्ड पोस्ट पर दो राउंड ब्रस्ट फायर किए। हालांकि भारतीय सेना ने कोई तवज्जो नहीं देते हुए उसका कोई जवाब नहीं दिया था।
फायरिंग के पीछे पाकिस्तान की बौखलाहट बताई जा रही है। सूत्र बताते हैं कि घुसपैठ कराने में नाकाम रहने पर पाक रेंजर सीमा पर माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के तहत रुक-रुक कर सीमा पार से फायरिंग की जा रही है।