पाकिस्तानी सेना की ओर से नियंत्रण रेखा पर जिले के माल्टी, दिगवार और बालाकोट सेक्टर में की गई गोलाबारी में एक ग्रामीण घायल हो गया। कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। सेना ने गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है। माल्टी और दिगवार सेक्टर में वीरवार की रात भर सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में मोर्टार से गोले बरसाए।
दूसरी तरफ शुक्रवार दोपहर को कई घंटे मेंढर के बालाकोट सेक्टर में भी गोले बरसाए। शाम 6.30 बजे दोबारा पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी की गई। इसमें एक ग्रामीण वाजिद अली निवासी गांव रेहला गोल्ड मेंढर घायल हो गया। वीरवार देर रात 10 बजे माल्टी और दिगवार में शुरू की गई गोलाबारी शुक्रवार सुबह तक जारी रही। इसके बाद कुछ घंटों की खामोशी के बाद 11.30 बजे मेंढर के बालाकोट सेक्टर में मोर्टार बरसाने शुरू कर दिए।