पुलवामा हमले के कबूलनामे के एक दिन बाद ही दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में भाजयुमो के जिला महासचिव समेत तीन कार्यकर्ताओं की हत्या में पाकिस्तान का हाथ सामने आया है। आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि पाकिस्तान के इशारे पर लश्कर ए ताइबा और द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के आतंकियों ने हमले को अंजाम दिया। हमले में दो स्थानीय आतंकियों के साथ ही एक पाकिस्तानी आतंकी भी शामिल था। इनकी शिनाख्त कर ली गई है।
साथ ही हमले में इस्तेमाल गाड़ी को भी बरामद कर लिया गया है। मालूम हो कि वीरवार को जिले के काजीगुंड इलाके के वाईके पोरा में आतंकियों ने कार पर अंधाधुंध गोलियां बरसा कर भाजयुमो के जिला महासचिव समेत तीन कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी थी। आईजी ने बताया कि जांच में अब तक जो सबूत हाथ लगे हैं उससे पता चलता है कि वीरवार की शाम लगभग आठ बजे आतंकी स्थानीय अल्ताफ की कार से घटनास्थल पर पहुंचे थे। उस दौरान भाजयुमो महासचिव फिदा हुसैन अपने दो अन्य साथियों के साथ गाड़ी में बैठे थे। आतंकियों ने वहां पहुंचते ही अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसमें तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आतंकी जिस गाड़ी में आए थे उसी में अच्छाबल इलाके की ओर भाग निकले। इलाके के तिलवनी गांव से उस गाड़ी को बरामद कर लिया गया है। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। आईजीपी ने बताया कि इस घटना के पीछे लश्कर का हाथ है। घटना में डोरू का निसार अहमद खांडे व खुडवानी का अब्बास शेख शामिल था। अब्बास पहले हिजबुल में था, लेकिन आजकल लश्कर के साथ है। वह अपने आपको टीआरएफ का आतंकी भी बताता है। एक पाकिस्तानी आतंकी भी हमले में शामिल था। जल्द इन आतंकियों को मार गिराया जाएगा।
हमला पहले से प्लान था
उन्होंने बताया कि फि दा हुसैन घर से इतनी दूर आकर क्या कर रहे थे इसकी जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किसी का इंतजार कर रहे थे या कोई और वजह थी। हमला पहले से ही प्लान किया गया था।
आठ स्थानों पर सर्च ऑपरेशन
आईजी के अनुसार हमले के बाद से दक्षिणी कश्मीर में करीब 8 जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी है। उम्मीद है कि बहुत जल्द इस ग्रुप के आतंकियों को आर गिराया जाएगा। बता दें कि वीरवार देर शाम आतंकियों ने काजीगुंड के वाईके पोरा में भाजपा के युवा मोर्चा के महासचिव फिदा हुसैन इतू और उनके दो अन्य साथी पर ताबड़तोड़ फ ायरिंग कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था।
अनंतनाग में रजिस्टर्ड है हमलावरों की कार
आतंकी वीरवार को जिस आल्टो कार (जेके 03डी 6126) में सवार होकर आए थे वह खुर्शीद अहमद वानी के नाम रजिस्टर्ड है।
जम्मू-कश्मीर में मारे गए कार्यकर्ताओं का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा: नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा, जम्मू-कश्मीर में आतंकियों द्वारा मारे गए पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने ट्वीट किया,
हम सब शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं। पार्टी के तीनों कार्यकर्ताओं को ‘देशभक्त’ बताते हुए नड्डा ने कहा, उनका ेबलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।