पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उसने जम्मू के साथ लगती भारत-पाक सीमा पर भारतीय नागरिक ठिकानों पर अकारण गोलीबारी का क्रम जारी रखा हुआ है और अब कश्मीर के साथ लगती नियंत्रण रेखा से भी घुसपैठ करवाने की ताक में है।
सीमा पर तैनात भारतीय सेना उसके कई प्रयास विफल कर चुकी है, लेकिन उसकी कोशिशों में कोई कमी नहीं आई है। बर्फबारी के कारण परंपरागत रास्तों के बंद हो जाने सेपूर्व एक साजिश के तहत ऐसा किया जा रहा है।
लांचिंग पैडों तथा प्रशिक्षण शिविरों पर नजर
यह दावे भारतीय सेना तथा सीमा सुरक्षा बल के आलाधिकारियों की ओर से किए जा रहे हैं। कुपवाड़ा जिले के साथ लगती नियंत्रण रेखा से ऐसे प्रयास अधिक किए जा रहे हैं।
अधिकारी बताते हैं कि पिछले कुछ दिनों में ये प्रयास तेज हुए हैं और ऐसे प्रयासों में सेना ने कई घुसपैठियों को मार गिराने में सफलता भी हासिल की है।
सीमा सुरक्षाबल कश्मीर फ्रंटियर के महानिरीक्षक पीएस संधू मानते हैं कि पाकिस्तान ने अपने दुस्साहस में कोई कमी नहीं की है।
सीमा के साथ सटे लांचिंग पैडों तथा प्रशिक्षण शिविरों में बड़ी तादाद में आतंकी भारतीय सीमा में घुसपैठ करने के इंतजार में हैं।
खूनी खेल खेलना चाहता है पाकिस्तान
सूत्रों का कहना है कि घुसपैठ के इंतजार में बैठे आतंकियों में कुछ नई भर्ती भी है। वह कहते हैं कि कई बार प्रयास हो चुके हैं, लेकिन उनको हमेशा ही मुंह की खानी पड़ी है, लेकिन इसके बावजूद इनमें कमी नहीं आने से उनके मनसूबों का पता चलता है।
दरअसल पाकिस्तान एक सोची समझी साजिश के तहत भारतीय इलाके में आतंकियों को धकेल कर बड़े पैमाने पर खून का खेल शुरू करना चाहता है।
उसको कश्मीर में आतंकियों की कमी खल रही है और अगामी विधानसभा चुनाव में खलल डालने के इरादे में वह बर्फबारी के कारण रास्ते बंद हो जाने से पूर्व बड़ी तादाद में आतंकियों को कश्मीर में जमा कर लेना चाहता है।