राजोरी के पूंछ में पाकिस्तान की तरफ से लगातार आठवें दिन भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। राजोरी जिले के मांजाकोट सेक्टर के एलओसी पर बसा मंगलनाड़ गांव पाकिस्तान के निशाने पर है। पाकिस्तान गांव के साथ भारतीय चौकियों को भी टारगेट कर रहा है।
पिछले आठ दिन में इस गांव में तीन घरों को नुकसान पहुंचा है, करीब 10 पानी की टंकियां नष्ट हुईं और गांव में स्थित मस्जिद पर हर रोज गोलियां गिर रही हैं। कल रात मांजाकोट सेक्टर के मंगलनाड़ गांव पर पाक ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इसकी चपेट में दो घर और एक मस्जिद भी आई।
सीधे घरों पर आकर गिरती हैं गोलियां
पाकिस्तान अपनी खोड़ीबाली पोस्ट से भारतीय चौकियों पर निशाना कर रहा है। यह चौकियां पाकिस्तानी पोस्टों की तुलना में काफी ऊंचाई पर हैं। गांव के रहने वाले मोहम्मद रियाज का कहना है कि गांव भारतीय चौकियां से काफी नीचे है।
पाक अपनी पोस्ट से गोलियां चलाता है, जिनकी आवाज उन तक नहीं पहुंचती, लेकिन सीधे उनके घरों पर आकर गिरती हैं। पिछले दिनों पाक ने एलएमजी से फायर किया। इसकी वजह से गांव में काफी नुकसान हुआ।
वह लोग अपने घरों से बाहर निकलने पर भी भयभीत हैं। क्योंकि गोलियों की आवाज नहीं आती, लेकिन गोलियां उन तक जरूर पहुंच रही हैं। कल सुबह भी पाकिस्तान ने इस गांव पर गोलियां बरसाई। करीब एक घंटे तक रुक-रुक फायरिंग होती रही।
पाक ने मेंढर में किया सीजफायर का उल्लंघन
मेंढर तहसील के बालाकोट सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकी पर गोलाबारी की। जिसका जवाब भारतीय सैनिकों ने भी दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात पाकिस्तानी सेना ने तोप गग्रडिया पोस्ट से भारत की एमएस टेकरी पोस्ट को निशाना बनाते हुए गोलाबारी शुरू कर दी, जिसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारतीय सेना ने गोलाबारी का जवाब दिया।
यह गोलाबारी नौ बजे से लेकर रात बारह बजे तक जारी रहा, जिसमें किसी भी प्रकार के नुकसान होने का समाचार नहीं मिला है।
घुसपैठ के प्रयास के लिए डेरा डाले हैं आतंकी
पुंछ जिले की मेंढर तहसील के बालाकोट क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के उस पार कई आतंकी घुसपैठ के प्रयास में लगे हैं। उनकी कोशिश है कि वह जल्दी से घुसपैठ करे और इस तरफ अपनी गतिविधियां बढ़ाएं।
सूत्रों के अनुसार, बालाकोट में डेरी डिब्बसी से लेकर पंजनी और सोहाला क्षेत्र के उस पार एक महीने से आतंकियों के तीन दल (जिनमें जैश ए मोहम्मद और लश्कर ए तैयबा के आतंकी शामिल हैं) उस पार डेरा डाले बैठे हैं, जो अलग-अलग क्षेत्र से इस तरफ घुसपैठ करने का प्रयास करते हैं।