आरएस पुरा में एसआई का शव हुआ हैंडओवर
- फोटो : अमर उजाला
आरएस पुरा इलाके के अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गश्त के दौरान नाले में गिरकर लापता हुए बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर के शव को पाकिस्तान ने भारत के हवाले कर दिया। यह जानकारी बीएसएफ की ओर से मिली है।
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के रहने वाले बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर पारितोष मंडल (54) और दो अन्य जवान 28 सितंबर को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गश्त के लिए निकले थे। इसी दौरान अरनिया सेक्टर में स्थित एक नाला में गिरने से पारितोष मंडल लापता हो गए थे।
उनकी तलाश बीएसएफ और एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी की थी, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया था। तभी अंदेशा जताया जा रहा था कि मंडल का शव नाले के पानी में बहकर पाकिस्तान चला गया होगा। क्योंकि जिस नाले में मंडल गिरे थे, उसमें बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था।
बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि पारितोष मंडल का शव पाकिस्तान क्षेत्र में मिला था। पाकिस्तान रेंजर्स ने शव मिलने के बारे में सूचित किया। मंगलवार को दोपहर को पाकिस्तानी 4 चिनाब रेंजर्स के लेफ्टिनेंट कर्नल मोहम्मद इरफान अपनी अधिकारियों सहित अंतरराष्ट्रीय सीमा की जीरो लाइन पर सब इंस्पेक्टर के शव को लेकर आए और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सीमा सुरक्षाबल की 36वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी महेंद्र सिंह को सौंप दिया।