भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सीमा से सटे गांवों में दहशत का माहौल बनाते हुए पाकिस्तान ने गोलीबारी के साथ मोर्टार भी दागे। इससे सीमावर्ती गांव बोबिया के तीन घरों को नुकसान पहुंचा है।
गनीमत रही कि गोलाबारी में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। गोलाबारी से बोबिया में दहशत का आलम व्याप्त है। बीएसएफ के जवानों ने भी पाकिस्तानी रेंजरों की फायरिंग का करारा जवाब दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे पाकिस्तान ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बोबिया सहित आसपास के इलाकों में फायरिंग की आवाज सुन दहशत का आलम व्याप्त हो गया। पहले बंदूकों से फायरिंग की गई ओर बाद में मोर्टार शेल दागे गए।
बोबिया में स्थित बलवान सिंह और उनके भाई पुरुषोत्तम सिंह के घरों की छत पर मोर्टार के गोले गिरने से उसमें बड़ा छेद बन गया। इसी तरह से बोबिया के गोपाल दास के घर का दरवाजा और खिड़कियां गोलाबारी से क्षतिग्रस्त हो गए। गोलों के धमाकों से गांव में कोहराम मच गया। देर रात एक बजकर पैंतीस मिनट पर शुरू हुई फायरिंग तड़के तीन बजे तक जारी रही।