पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को मेंढर सब डिवीजन में नियंत्रण रेखा पर कृष्णा घाटी, मनकोट सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार बरसाए। सेना की तरफ से की गई कार्रवाई में नियंत्रण रेखा के उस पार स्थित दराशेर खान क्षेत्र में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार सोमवार की सुबह करीब पौने दस बजे पाकिस्तानी सेना ने मेंढर सब डिवीजन के कृष्णा घाटी सेक्टर की मनकोट तहसील के दबराज, नाड़मनकोट, चोई मनकोट, बलनोई आदि क्षेत्रों में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार दागने शुरू कर दिए।
पुंछ में गोलाबारी से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। इस बीच जोनल शिक्षा अधिकारी मनकोट ने क्षेत्र के करीब एक दर्जन स्कूलों में छुट्टी कर दी। जो बच्चे स्कूलों में पहुंच चुके थे या रास्ते में थे, उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्हें आसपास मौजूद लोगों के घरों में शरण लेनी पड़ी।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बांध का निर्माण कार्य शुरू होते ही पाकिस्तान ने सोमवार रात आठ बजे के बाद फिर गोलाबारी शुरू कर दी। रात सात बजे जैसे ही बीएसएफ ने निर्माण कार्य शुरू किया कि सवा आठ बजे पाकिस्तान ने गोलाबारी शुरू कर दी। बीएसएफ ने इसका माकूल जवाब दिया। उधर, सुरक्षाबलों ने हीरानगर सेक्टर में आईबी से सटे इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, ताकि कोहरे की आड़ में घुसपैठ की कोई भी आशंका न रहे। उधर, रविवार को पूरी रात पाकिस्तान ने हीरानगर सेक्टर के पानसर और सतपाल पोस्ट के बीच गोलाबारी की।