जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान ने एक बार फिर से सीमा पर नापाक हरकत करते हुए सीजफायर का उल्लंघन किया है। पुंछ के बालाकोट सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ते हुए भारी गोलीबारी की। इस गोलीबारी में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल है। इस गोलीबारी में पांच जवान भी घायल हो गए। जिन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में रविवार को पाक की ओर से सुबह सुबह अचानक गोलाबारी जारी कर दी गई। पाक की ओर से सेना की अग्रिम चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर भारी गोलाबारी की गई।
इसी बीच बालाकोट निवासी रमजान के घर में पाक की ओर से दागा गया एक गोला गिरा। जिसके फटने से पूरा परिवार उसकी चपेट में आगया। इस हादसे में मरने वालों की पहचान रमजान, मलका बी, फैजान, रिजवान, मेहरीन शामिल है। इस गोलीबारी में अन्य दो लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
भारतीय सेना ने भी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों ओर से रूक रूक कर गोलाबारी अभी जारी है। जिसके कारण सीमा पर तनाव का माहौल पैदा हो गया है।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी एसपी वैद ने बताया कि, पुंछ के बालाकोट सेक्टर में गोलीबारी के कारण, 5 नागरिकों की मौत हो गई है और 2 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मरने वालों में तीन मासूम
घायल जवानों और बच्चों को किया गया एयरलिफ्ट
- फोटो : AMAR UJALA
पाकिस्तान की ओर से दागे गए मोटार्र का निशाना बने पांच लोगों में तीन मासूम भी शामिल हैं। बालाकोट के देवता गांव में मोहम्मद रमजान के घर पर एक गोला गिरा। इससे घर के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में तीन बच्चे हैं। वहीं घर की दो बेटियां गंभीर रूप से जख्मी हैं। सभी घायलों को सेना ने एयरलिफ्ट करके अस्पताल पहुंचाया।
पाक ने इस साल लगभग 432 बार तोड़ा सीजफायर
सीमा पर पाक की नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पिछले साल की भांति इस साल भी पाक की ओर से गोलाबारी जारी है। वहीं गृह मंत्रालय के अनुसार, इस साल फरवरी तक कुल 432 सीजफायर के मामले दर्ज किए गए हैं।
बता दें कि पाक ने साल 2017 में कुल 860 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया था। गौरतलब है पाक ने पिछले पंद्रह सालों का रिकार्ड तोड़ते हुए इस साल मात्र दो महीनों के भीतर 400 से अधिक बार सीजफायर तोड़ा है।
सीएम ने जताया दुःख
पाक की ओर से की गई इस शर्मनाक करतूत पर सीएम महबूबा मुफ्ती ने दुःख जताते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ मेरी संवेदाएं हैं। पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी इस घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहां कि मारे गए लोगों को अल्लाह जन्नत नसीब करें।