अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाए जाने से बौखलाया पाकिस्तान हर मंच पर भारत के हाथों मुंह की खाने के बाद भी बाज नहीं आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक पटरी पर लौट रही जम्मू-कश्मीर की फिजाओं में एक बार फिर से अशांति फैलाने की पाकिस्तान की मंशा है, ताकि वह दुनिया को बता सके कि भारत सरकार के फैसले के बाद घाटी में स्थिति तेजी से बिगड़ रही है।
इसके लिए उसने घाटी में 100 दुर्दांत अफगानी आतंकियों की घुसपैठ कराकर आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बनाई है। इसके साथ ही सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान ने अपने सभी दूतावासों में कश्मीर डेस्क की भी स्थापना की है ताकि भारत सरकार के पांच अगस्त के फैसले के विरोध में प्रोपेगैंडा चला सके।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान का मानना है कि कश्मीर में स्थानीय आतंकियों की सही से ट्रेनिंग न होना और सेना द्वारा ज्यादातर कमांडरों को ढेर किए जाने से उनकी कमर टूट गई है, ऐसे में अपने नापाक मंसूबों को अमली जामा पहनाने के लिए उसकी अफगानिस्तान के खतरनाक आतंकियों को कश्मीर में घुसपैठ कराने की योजना है।