भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी रेंजरों की ओर से पहले फायरिंग की गई और उसके बाद मोर्टार दागे गए। रविवार शाम को पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा की गई गोलाबारी का बीएसएफ के जवानों ने भी माकूल जवाब दिया।
गोलाबारी से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बहरहाल, सरहदी इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। समझा जा रहा है कि यह गोलाबारी घुसपैठ कराने के लिए की गई। भारतीय जवानों ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही नगरोटा स्थित 16 कोर के जीओसी ने इस बात का खुलासा किया था कि आतंकी संगठन जम्मू संभाग में हमले करने की साजिश कर रहे हैं।