एलओसी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देख पाकिस्तान ने इस बार अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से घुसपैठ कराने की कोशिश की। हीरानगर सेक्टर में बाकायदा कवर फायर देकर आतंकियों को तारबंदी के इस पार दाखिल कराने की कोशिश को बीएसएफ ने एन मौके पर नाकाम कर दिया। बुधवार देर रात पंद्रह मिनट तक फायरिंग के दौरान एक आतंकी के घायल होने की भी खबर है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 11.45 बजे बीएसएफ ने बोबिया अग्रिम चौकी के सामने तारबंदी के उस पार पांच लोगों की हलचल भांपी। थर्मल इमेजर पर पांच घुसपैठियों का समूह अंतरराष्ट्रीय सीमा से भारतीय क्षेत्र में घुसता नजर आया। कुछ मीटर भीतर घुस आए घुसपैठियों के दल को चिन्हित करने के लिए बीएसएफ ने रोशन गोले (पैरा लाइट्स) दागे।
इसके बाद पाकिस्तान की ओर से घुसपैठियाें को कवर फायर दिया गया। जवाबी कार्रवाई में बीएसएफ ने भी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। लगभग पंद्रह मिनट तक जारी रही गोलीबारी के दौरान घुसपैठियों ने एक ग्रेनेड भी दागा जो आईबी के पिल्लर नंबर 95 के नजदीक फटा। आतंकियों को कवर फायर देने के लिए पाकिस्तान की ओर से मोर्टार के दो गोले दागे गए।