पाकिस्तान ने संघर्ष विराम की उल्लंघना करते हुए रविवार देर रात को आरएसपुरा और अरनिया सेक्टर में गोलाबारी की। खबर लिखे जाने तक किसी के के जानी नुकसान होने की सूचना नहीं है। जोड़ा फार्म में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
लेकिन पाक गोलाबारी इतनी जबरदस्त थी कि 15 से 20 किलोमीटर दूर तक भी आवाज सुनाई दी। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की तरफ से आरएसपुरा सेक्टर के ट्यूबेल नंबर 5, नवापिंड, जुगनेचक, जोड़ा फार्म और कोरोटना खुर्द पर मोटरार्र के गोले दागे।
रात को 11 बजे पहला फायर पाकिस्तान की तरफ से किया गया। इसके बाद बीएसएफ के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। उधर, अरनिया सेक्टर के नेकोवाल में पाकिस्तान ने देर रात मोटरार्र दागे। आधी रात को पाक गोलाबारी से इन इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत है।
फायरिंग को देखते हुए जिला प्रशासन ने बार्डर पर अलर्ट जारी किया है। लोगों को अपने घरों से बाहर न निकलने के लिए कहा गया। डीसी जम्मू अजित कुमार साहु ने कहा कि रात का समय होने से यदि लोग घरों से बाहर निकले तो नुकसान हो सकता है। गांव के पास कई गाड़ियां लगाई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।