जिले की मंडी तहसील के साब्जियां सेक्टर में पांचवें दिन वीरवार को भी पाकिस्तानी सेना ने युद्ध विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गगडि़या, गील, मैदान, उड़ीपुरा के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया और भारी गोलाबारी की।
भारतीय सैनिकों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलाबारी में कई घरों में पाक सेना की गोलियां दीवारों एवं दरवाजों में आ धंसी हैं। हालांकि, वीरवार को गोलाबारी में किसी के घायल होने की खबर नहीं है फिर भी सीमावर्ती इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
साब्जियां क्षेत्र में पाक सेना द्वारा पिछले चार दिनों से लगातार गोलाबारी की जा रही थी। इस बीच बुधवार देर रात को पाक सेना की गोलाबारी थम गई थी।
परंतु कुछ ही घंटों के बाद पांचवें दिन वीरवार दोपहर करीब 2:50 बजे एक बार फिर पाक सेना ने भारतीय चौकियों के साथ साथ साब्जियां सेक्टर के दर्जन भर ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाया और भारी गोलाबारी शुरू कर दी।
इस दौरान पाक सेना द्वारा यूनिवर्सल मशीनगनों के साथ ही रिहायशी इलाकों में लोगों के घरों पर मोर्टार भी दागना शुरू कर दिया। वहीं, पाक सेना की कई गोलियां साब्जियां स्थित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की दीवारों पर भी लगी हैं।