पुंछ। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने पहलगाम आतंकी हमले को खुफिया एजेंसियों की विफलता करार दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पुंछ में गोलाबारी पीड़ितों से मिलने आए, लेकिन प्रधानमंत्री नहीं पहुंचे। न ही उन्होंने अपने 22 मिनट के भाषण में पुंछ, राजोरी, आरएस पुरा का नाम लिया। उन्हें यहां पीड़ितों को सांत्वना देने के लिए आना चाहिए था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शनिवार को दोपहर में पुंछ के डाक बंगला में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री का तरीका राजनीति करना और हर वक्त वोटों की ओर देखना है।
कर्रा ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद से ही कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के साथ खड़े होने और राजनीति न करने का फैसला लिया था। राहुल गांधी आज भी उस पर अडिग हैं और वह यहां पीड़ितों के साथ हमदर्दी जताने आए थे। उन्होंने कोई राजनीति नहीं की है। वहीं केन्द्र सरकार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कश्मीर में हालात सही करने की बात करते हैं। पत्थरबाजी खत्म करने और आतंकवाद खत्म करने के दावे करते हैं, लेकिन पहलगाम में जो हुआ वह सरकार की नाकामी है और खुफिया एजेंसियों की विफलता है। इसके लिए प्रधानमंत्री और विशेष तौर पर गृहमंत्री को जवाब देना होगा कि आतंकी ढाई सौ किलोमीटर दूर पहलगाम कैसे पहुंचे। इतने लोगों की जान लेने के बाद वह कहां गए। उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की। यह सब बताना होगा। वहीं चौधरी लाल सिंह ने भी केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के बड़े-बड़े नेता पुंछ नहीं आए लेकिन राहुल गांधी यहां पहुंचे हैं।