नेशनल हाइवे पर धुंध में सड़क हादसे न हों। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें हाइवे पर ओवरस्पीड वाहनों पर नजर रखेंगी। अगले कुछ दिनों में एक विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत हाइवे पर आने जाने वाले वाहन चालकों को इसके प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही जिला पुलिस के नाकों पर भी पुलिस की तरफ से इस पर खास नजर रखी जाएगी। धुंध में अकसर तेज रफ्तार वाहन हादसों का कारण बनते हैं।
ट्रैफिक पुलिस रूरल के एसएसपी मोहन लाल कैथ का कहना है कि उन्होंने विशेष टीमों का गठन कर दिया है। दो तीन दिन में टीमें तैनात कर दी जाएंगी। ओवरस्पीड वाहनों पर मोबाइल टीमें नजर रखेंगी और इन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों को जागरूक करेंगे। लखनपुर से लेकर बाड़ी ब्राह्मणा तक 60 से 70 ट्रैफिक पुलिसकर्मी हैं। इन्हें विशेष अभियान में लगाया जाएगा। ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस के नाकों पर नजर कड़ी
धुंध के मौसम में बॉर्डर से आतंकियों के घुसपैठ करने के प्रयास बढ़ जाते हैं। यह लोग बॉर्डर पार कर हाइवे तक न पहुंचे। इसके लिए नाकों पर विशेष हिदायतें जारी की गई हैं। बॉर्डर से शहर आने वाले वाहनों की विशेष रूप से चेकिंग करने के लिए कहा गया है।