पवित्र अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं में उत्साह की कोई कमी नहीं देखने को मिल रही है। लगातार दिनों दिन शिवभक्तों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। भक्त बाबा बर्फानी के साक्षात् दर्शन करने दूर- दूर से यहां पहुंच रहे हैं।
वीरवार को बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में हिमशिवलिंग के दर्शन के लिए आधार शिविरों से आठवां जत्था रवाना हुआ जिसमें 13,657 भक्त शामिल थे जबकि पवित्र गुफा में 16,410 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के साक्षात दर्शन किए।
वीरवार को बाबा बर्फानी के दर्शनों पर जाने वाला आठवें जत्थे में पहलगाम के नुनवन आधार शिविर से पैदल यात्रा करने वाले कुल 6,324 श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए जिनमें 5,243 पुरुष, 871 महिलाएं, 30 बच्चे और 180 साधु थे, जबकि चॉपर सुविधा से कुल 204 श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर बढे़।
बालटाल आधार शिविर से पवित्र गुफा की ओर पैदल यात्रा पर जाने वालों की संख्या 6,867 थी जिनमें 5,354 पुरुष, 1,443 महिलाएं, 60 बच्चे और 10 साधु थे जबकि 262 श्रद्धालु चॉपर सेवा के जरिये पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए।
गौरतलब है कि वर्ष 2015 की अमरनाथ जी यात्रा के दौरान पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिमशिवलिंग के दर्शन करने वाले बाबा के भक्तों का आंकड़ा 1,21,328 पहुंच चुका है।