जम्मू। उप राज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर ने जम्मू शहर के सभी पुलों का सुरक्षा आडिट करने के निर्देश दिए हैं। उन सभी पुलों और सड़कों की भी पहचान की जाए, जिन्हें तुरंत मरम्मत की जरूरत है। मैकडेमाइजेशन कार्यों में गुणवत्ता को सुनिश्चित बनाया जाए। फील्ड अधिकारी नियमित रूप से चालू कार्यों की प्रगति रिपोर्ट और निगरानी के लिए नियमित दौरे करें। सलाहकार ने मंगलवार को ग्रीन बेल्ट, गांधीनगर, छन्नी हिम्मत, बठिंडी, सुंजवां, बिक्रम चौक से नरवाल, ट्रांसपोर्ट यार्ड और आसपास क्षेत्रों में जारी कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ दिशानिर्देश जारी किए।
सलाहकार ने कहा कि निर्धारित समय में कार्यों के निष्पादन के लिए अधिकारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय मजबूत बनाकर काम करें। नगर के चारों ओर उचित जल निकासी के लिए यूईईडी विभाग के परामर्श से नालों का निर्माण किया जाएगा। कार्यों के सुचारू निष्पादन के लिए पहले से ही उचित तंत्र पर काम करें।