उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी)पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सेना ने लश्कर-ए-ताइबा के पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया। एक अन्य आतंकी पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में भाग निकला। मारे गए आतंकी से एक एके 47 राइफल, एक पिस्टल, दो चीन निर्मित ग्रेनेड तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है।
प्रवक्ता ने बताया कि सुदपुरा इलाके से आतंकवादियों के एक समूह द्वारा संभावित घुसपैठ से संबंधित कई इनपुट सुरक्षाबलों को प्राप्त हो रहे थे। उपरोक्त इनपुट के आधार पर क्षेत्र को निरंतर निगरानी में रखा गया था।
सेना, पुलिस और अन्य खुफिया एजेंसियों के बीच समय पर कार्रवाई और बेहतर समन्वय ने घुसपैठ के प्रयास और आंतरिक इलाकों में शांति के लिए पैदा होने वाले संभावित खतरे को विफल कर दिया।
नियंत्रण रेखा पर निरंतर आमना-सामना होना पाकिस्तान के कश्मीर में आतंकवाद भड़काने और युद्ध विराम समझौते का मुखौटा लगाते हुए शांति और सद्भाव को बाधित करने के लिए प्रयासों की याद दिलाता है।