अखनूर। अखनूर स्थित भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ की बैठक सोमवार को स्थानीय गुड़ा जागीर पंचायत भवन में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता नेवी वेटरन लखबीर सिंह सोहल और रामेश्वर दत्त ने की।
इसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियाें और शहीदों के परिजनों ने हिस्सा लिया। बैठक का उद्देश्य पूर्व सैनिकों की भलाई से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करना और पंचायत स्तर पर सदस्यता अभियान को गति देना था। बैठक की शुरुआत ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अध्यक्ष ने देश की रक्षा में दिए गए बलिदानों को याद करते हुए सभी को एकजुट होकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व सैनिकों की समाज में भूमिका, स्थानीय समुदायों में सेवा और राष्ट्रवादी मूल्यों को आगे बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में वन रैंक वन पेंशन, एमएसपी और दिव्यांग पेंशन की मांगों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने शहीद सैनिकों के परिवारों, विशेषकर विधवाओं की पेंशन में बढ़ोतरी की मांग करते हुए सरकार से अपील की कि उन्हें पूर्ण सम्मान और सहायता प्रदान की जाए। ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक की सुविधाओं की कमी पर भी चिंता व्यक्त की गई और मेडिकल सुविधाओं में तत्काल सुधार की मांग उठाई गई।
बैठक में गुड़ा जागीर के अध्यक्ष बनारसी लाल की अगुवाई में पंचायत स्तर पर सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। महासचिव मनी राम भगत ने बीते माह की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन ने चिनाब नदी पर पुल निर्माण, बाईपास रोड और भवन निर्माण जैसे कई कार्यों में सहयोग किया है।
बैठक में कैप्टन संतोष शर्मा, शमशेर सिंह, काका राम, शाम लाल शर्मा, काली दास, राजिंदर सिंह, शांति स्वरूप, सुभाष चंदर, सुशील कुमार, रमेश लाल, कमल दास, विनोद कुमार, विजय कुमार, जतिंदर सिंह सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।