जिले की नौशेरा तहसील के एलओसी स्थित झांगड़ गांव के सरिया क्षेत्र में रविवार को दोपहर बाद करीब दो बजे माइन विस्फोट में एक व्यक्ति घायल हो गया। सेना के जवानों ने घायल को तुरंत नौशेरा के उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
इस संबंध में राजोरी के एसएसपी डा. हसीब मुगल ने बताया कि यह एक आकस्मिक विस्फोट का मामला है। एसएसपी के अनुसार, नौशेरा के झांगड़ सेक्टर में एलओसी के पास सेना की 27 राजपूत रायफल बटालियन की पोस्ट नं. 38 के पास सरिया झांगड़ निवासी सेवा राम (35) घास काट रहा था।
तभी अनजाने में उसका पैर पहले से बिछी माइन पर पड़ गया और वह विस्फोट की चपेट में आ गया। उसे सेना के जवानों ने नौशेरा के उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया था।
वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. महमूद के अनुसार, घायल व्यक्ति का एक पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। उसका उपचार जारी है और हालत खतरे से बाहर है।