जीएमसी के विशेष आइसोलेशन स्वाइन फ्लू वार्ड में रविवार देर रात को एक और संदिग्ध मरीज ने दम तोड़ दिया। उसे इमरजेंसी से प्राथमिक इलाज देकर रविवार शाम को विशेष वार्ड में भर्ती किया गया था। उसकी हालत लगातार खराब होती गई और देर रात दो बजे उसकी मौत हो गई। उसके सैंपल जांच के लिए अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैबोरेटरी में भेजे गए हैं। इसके साथ पिछले चार दिन में विशेष आइसोलेशन वार्ड में तीन संदिग्ध मरीजों की मौत हो चुकी है।
बताया जाता है कि कठुआ निवासी एक 18 वर्षीय युवक को जीएमसी की इमरजेंसी से रविवार शाम को विशेष स्वाइन फ्लू के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया था। यहां उसे अन्य उपचार के साथ एक टैमीफ्लू टेबलेट दी गई, लेकिन उसका ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ने और अन्य समस्याएं आने के कारण उसकी देर रात मौत हो गई। अब तक ऐसे संदिग्ध मामलों में दो युवकों की मौत हो चुकी है।
गत 22 सितंबर को इसी वार्ड में राजोरी निवासी एक 25 वर्षीय युवक के साथ एक महिला ने दम तोड़ दिया था। आधिकारिक तौर पर जम्मू संभाग में स्वाइन फ्लू के एच1एन1 वायरस से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। संभाग के विभिन्न जिलों में नौ लोग स्वाइन फ्लू के वायरस से पाजिटिव हुए हैं। जीएमसी की माइक्रोबायोलॉजी लैबोरेटरी में अब तक 52 पीड़ितों के सैंपल भेजे गए हैं, जिसमें 43 नेगेटिव रहे हैं।