जम्मू-कश्मीर में एक और आतंकी को जीवित पकड़ लिया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बारामुला के राफियाबाद में सेना और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें चार आतंकी मारे गए और एक आतंकी को जीवित पकड़ लिया गया। माना जा रहा है कि ये आतंकी भी लश्कर-तैयबा का सदस्य हो सकता है।
सेना के अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए आतंकी की पहचान 22 वर्षीय सज्जाद अहमद के नाम से हुई है। सज्जाद से पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह बलुचिस्तान का रहने वाला है और वह पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद के रास्ते भारत में घुसा था। उल्लेखनीय है कि भारतीय सुरक्षा बलों ने इसी महीने पाकिस्तान के आतंकी नावेद उस्मान को जीवित पकड़ लिया था।
नावेद और उसके एक साथी ने 5 अगस्त को उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमला किया था, जिसमें दो जवानों की मौत हो गई थी और 11 घायल हो गए थे। नावेद ने पूछताछ में बताया था कि वह पाकिस्तान के शहर फैसलाबाद का रहने वाला है। 26/11 के मुंबई हमलों के बाद जीवित पकड़ा जाने वाला नावेद दूसरा आतंकी था। उन हमलों में आमिर अजमल कसाब को जीवित पकड़ा गया था, जिसे बाद में फांसी दे दी गई।