जिले में दलवाह क्षेत्र के चंडियाल मोड़ के पास मंगलवार सुबह बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बस के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। 26 लोग घायल हुए हैं। 32 सीटर बस में 27 लोग सवार थे। हादसे का कारण मोड़ पर अचानक से ब्रेक लगाना बताया जा रहा है।
हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। यात्री बस धरम गांव से रामबन की तरफ आ रही थी। रास्ते में चंडियाल मोड़ के पास एक तीखा मोड़ है। बताया जाता है कि सड़क पर पानी होने की वजह से फिसलन थी। जैसे ही चालक ने ब्रेक लगाया तो बस पर से नियंत्रण से बाहर हो गई। इससे वह सड़क पर ही पलट गई।
हादसे के समय कंडक्टर अंशु सिंह निवासी पंगारा, उधमपुर बस में दरवाजे के पास खड़ा था। बस पलटते ही वह नीचे दब गया। इससे उनकी मौके पर ही माैत हो गई। बस चालक राकेश सिंह और बाकी यात्रियों को भी चोटें आई हैं। सभी घायल स्थानीय निवासी हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संगलदान पहुंचाया। सात घायलों का इलाज संगलदान में चल रहा है। 19 को जिला अस्पताल रामबन भेजा गया। यहां से गंभीर घायल मोहम्मद फारूक निवासी भिमडासा को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
क्रैश बैरियर से बच गईं 26 जिंदगियां
ग्रामीणों ने बस की खिड़कियां तोड़कर घायलों को निकाला
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने बस की खिड़कियां तोड़ीं, घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एंबुलेंस से पीएचसी संगलदान और जिला अस्पताल पहुंचाया। लोगों में अब भी दहशत बाकी है।
बेटा बार-बार पूछ रहा था... क्या खाई में गिर जाएंगे