जम्मू-कश्मीर के औद्योगिक विभाग ने अगले दो वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश की योजना तैयार की है। निवेश बाहरी राज्यों में स्थापित कंपनियां और बहुराष्ट्रीय कंपनियों से मंत्रणा करने के बाद ही तय होगा। इस मामले में विभाग ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है।
केंद्र में भाजपा सरकार और राज्य में भी गठबंधन सरकार में शामिल भाजपा का जम्मू कश्मीर सरकार पूरा उपयोग करना चाह रही है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने अगले दो साल के लिए राज्य में बड़े निवेश की योजना तैयार की है।
इस निवेश में पहले से करीब 12 सौ करोड़ निवेश करने के लिए तैयार कंपनियों को भी शामिल किया गया है। इन कंपनियों में डाबर, चिनाब टेक्सटाइल आदि शामिल हैं। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा ने बताया विभाग पूरी तरह से सक्रिय है और राज्य के युवाओं को नौकरी देने के नए अवसर प्रदान करने के लिए तत्पर है।
इस मामले में कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी बैठक की है। इस बैठक में बताया गया कि राज्य में निवेश की जरूरत है। आर्थिक हालात सही करने के लिए बहुराष्ट्रीय कंपनियों को आमंत्रित किया गया है।
कुछ दिन हालात खराब होने के कारण मामला टल गया, लेकिन प्रशासन का काम नहीं रुकेगा और निवेश कराने की योजना को अमल में लाया जाएगा।