भारत-पाक सीमा के समीप किया गया गिरफ्तार
- फोटो : File Photo
जम्मू कश्मीर में भारत पाक अंतराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते एक व्यक्ति को क्षेत्र में तैनात सेना की टुकड़ी की ओेर से दबोच लिया गया। जिसे मजीद जांच के लिए कानाचक्क पुलिस को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गजनसू क्षेत्र में गंगो चक्क सुरक्षा बांध के पास गोलपत्तन बार्डर पोस्ट से एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियाें में घूमते हुए सेना की 5 गढ़वाल रजिमेंट के जवानों ने दबोच लिया। उस से पूछताछ में उसने अपना नाम नरेश गिरी पुत्र लस्सू गिरी और निवास गांव कुरती डाकखाना कालागांव कुरती जिला सलयान नेपाल बताया।
सेना की ओर से प्रारंभिक जांच के बाद उसे कानाचक्क पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को उसने बताया कि वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। पुलिस के अनुसार व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान लगता है। फिलहाल जांच जारी है।