रियासत की नई सरकार शपथ ग्रहण के बाद से लगातार विवादों में घिरी हुई है। अब तक सरकार मंत्रियों को मंत्रालय तक नहीं दे पाई है। सरकार में रोज हो रहे नए बवाल पर चुटकी लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया है।
उमर ने लिखा है, प्रिय भाजपा और पीडीपी भारी विवादों में न पड़ें और सरकार का काम शुरू करें। हमने इस सरकार के लिए दो महीनों तक इंतजार किया है। आप सरकार के कामकाज की शुरूआत मंत्रालयों के बंटवारे से कर सकते हैं।
Dear @BJP4India & @jkpdp please stop squabbling & start governing. We waited 2 months for this Govt. Perhaps you can start with portfolios.— Omar Abdullah (@abdullah_omar) March 3, 2015
बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह के बाद से नई सरकार लगातार विवादों में है। रविवार को शपथ लेने के बाद सीएम मुफ्ती ने पाकिस्तान और हुर्रियत को लेकर विवादित बयान दिया था। इसके बाद कैबिनेट की पहली बैठक में पीडीपी विधायकों ने संसद हमले के आरोपी अफजल गुरू के अवशेषों को वापस करने की मांग की है।
अवशेषों की मांग पर लगातार बवाल मचा हुआ है, हालांकि गृह मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि अफजल गुरू के अवशेष वापस परिवार को नहीं दिए जाएंगे। इन्हीं विवादों पर चुटकी लेते हुए उमर ने यह ट्वीट किया है। बता दें कि उमर श्रीनगर से कुछ दिनों के लिए दिल्ली जा रहे हैं। रियासत छोड़ने से पहले उमर का सरकार से जुड़ा अहम ट्वीट है।