जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को बीरवाह में दूसरे विधानसभा क्षेत्र कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बीरवाह विधानसभा क्षेत्र के 14 वार्डों के विकास के लिए 21 लाख रुपयों का आवंटन किया।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में 60 लाख रुपये और दिए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने खाग, पोषकर, नारबल और मागाम के लिए 60 लाख रुपयों से एंबुलेंस दीं।
उमर अब्दुल्ला ने पीडीपी-भाजपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार गठन को लेकर अस्पष्टता से राज्य में राजनीतिक माहौल प्रभावित हुआ है। दोनों ने राज्य को अधर में छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब तो महबूबा ने स्वयं स्वीकारा है कि इस 10 महीने के दौरान जनता को कोई लाभ नहीं पहुंचा।