अनंतनाग में 25 मई को होने वाले लोकसभा उपचुनाव की अधिसूचना रद्द होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने महबूबा मुफ्ती सरकार पर निशाना साधा है। मंगलवार को उमर ने ट्विटर पर लिखा, ‘महबूबा मुफ्ती क्या यही आपकी लीजेसी है। आपके 5 प्रतिशत लोग कश्मीर को फिर से 90 के दशक में खींचकर ले गए हैं और आप शर्मनाक तरीके से सत्ता में हैं।’
अपने अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा है, ‘कश्मीर को 2014 के विधानसभा चुनाव की ऊंचाई से 2017 के उपचुनाव के रद्द होने तक तक कश्मीर को आते देखना निराशाजनक है।’ श्रीनगर में अपनी पार्टी की जीत पर उमर ने लिखा है कि महबूबा 5 फीसदी लोगों की उस जीत को कम न समझें जो उन्हें मिली है, वह दिल्ली में बैठी सरकार को उसके घुटनों पर ला सकती है।
उमर के ट्विट पर भाजपा के नेता विजय चौथाईवाले ने लिखा कि कश्मीर के हालातों के लिए उनके पिता के वे देश विरोधी बयान जिम्मेदार हैं, जिनसे अलगाववादियों को भड़काया गया है। इस पर उमर ने लिखा कि वह बातों को घुमाना बंद कर दें। उनके लोगों ने महबूबा के साथ मिलकर कश्मीर की स्थितियों पर गलत तरीके से संभाला है और अब ये बहाने काम नहीं करेंगे।