दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिलें में आतंकियों द्वारा सेना के जवान इरफान अहमद डार की अगवा कर गोलीमार कर हत्या की उमर अब्दुल्ला और महबूबा ने कड़ी निंदा की है।नेशनल कांफ्रेंस के नेता व जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आतंकियों के द्वारा किया गया यह कृत्य बहुत ही निंदनीय है उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह शहीद जवान के परिवार के साथ हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को शोपियां के वोठमुला गांव में लोगों ने गोलियों से छलनी शव को देखा। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। जांच में पता चला की शव सेंजन गांव निवासी व सेना की 175 टेरीटोरियल आर्मी में तैनात जवान इरफान अहमद डार का था।
वह इन दिनों बांदीपुरा के गुरेज में तैनात थे। इन दिनों वह छुट्टी पर घर आए हुए थे। शुक्रवार को वह घर से अपनी कार में किसी काम के सिलसिले में निकले थे। इसके बाद लापता हो गए। एसएसपी एएस दिनकर ने बताया कि गोलियों से छलनी जवान के शव को बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना के पीछे आतंकियों का हाथ है। बताया कि आतंकियों के जो ग्रुप इलाके में सक्रिय हैं उनके खिलाफ चलाए जा रहे आपरेशन के दबाव में वह इस प्रकार की घटनाओं कां अंजाम देते हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि शहीद जवान 26 नवंबर तक छुट्टी पर घर गए थे। उन्होंने संभावना जताई की आतंकियों ने उन्हें अगवा कर उसकी निर्मम हत्या की है।