रियासत में ओला-उबर कैब सेवा शुरू होने की खबर से लोग खुश हैं। लोगों का कहना है कि ओला-उबर कैब सेवा सरकार को जल्द शुरू करनी चाहिए। इस सेवा के शुरू होने से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। कैब का किराया जहां औसत से कम है, वहीं इसे किसी भी समय आसानी से मंगाया जा सकता है।
उधर, टैक्सी ऑपरेटरों ने ओला-उबर सेवा का विरोध शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि किसी भी सूरत में ओला-उबर को जम्मू में चलने नहीं देेंगे।जम्मू में बुधवार को ओला-उबर कैब सेवा को लेकर काफी चर्चा हुई। लोगों ने कहा कि इस समय शहर में इस प्रकार की सेवा की सख्त जरूरत है।
शहर में इस समय परिवहन के साधन की कमी नहीं है, लेकिन उनकी मनमानी से यात्री काफी परेशान होते हैं। रात के समय कहीं जाना हो तो कोई साधन दिखाई नहीं देता। किसी आटो वाले को बुलाते भी हैं तो कई सौ रुपये मांगे जाते हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय रेलवे स्टेशन से शहर में आने के लिए दो सौ से तीन सौ रुपये लोगों को खर्च करने पड़ते हैं।
इस प्रकार की मनमानी इसलिए चल रही है, क्योंकि शहर के लोगों और यहां आने वाले यात्रियों के लिए दूसरा कोई साधन नहीं है। शहर के लोगों ने रियासत में ओला-उबर चलाने की सरकार की पहल को सराहा है। लोगों ने मांग की है कि सरकार को जल्द से जल्द इस सेवा को शुरू करने के लिए काम करना चाहिए।