संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। पल्ली सोलर प्लांट में पांच लाख के कॉपर के तार चोरी होने के मामले को लेकर शनिवार को पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी सोलर प्लांट की तरफ दौड़ लगाते नजर आए।
इस दौरान जहां सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुली, तो वहीं प्लांट की देखरेख की जिम्मेदारी को लेकर भी मामला साफ नहीं हुआ। वहीं प्लांट में चोरी को लेकर मामला दर्ज कराया गया है।
पल्ली सोलर प्लांट में सबसे पहले एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा मुकुंद तिबरवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। इसके बाद नायब तहसीलदार राहुल सिंह राणा, बिजली विभाग के एईई हरविंदर सिंह, बीडोओ अतिरिक्त चार्ज डॉ. अभिलव महाजन भी सोलर प्लांट में नजर आने लगे।
इस दौरान अधिकारियों ने सोलर प्लांट में इन्वर्टर के साथ अटैच कॉपर के कटे तार का निरीक्षण किया। उन्होंने आशंका जताई कि वारदात को अंजाम बिजली का काम जानने वाले किसी व्यक्ति ने दिया है। इस बीच एसडीपीओ ने ग्रामीण विकास विभाग और बिजली विभाग को सोलर प्लांट की देखरेख के बारे में पूछा। इस पर दोनों विभाग ने जिम्मेदारी लेने से पल्ला झाड़ दिया। आखिर में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह को सोलर प्लांट की टेंडर फाइल निकलवाने के लिए कहा। बता दें कि एक साल में तीन बार यहां चोरी हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।