रियासती विधानसभा चुनाव में पांचवें चरण में आने वाली छंब विधानसभा सीट पर विरला संयोग ही है कि यहां पर महिलाओं का वोट उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने में निर्णायक साबित होगा। पांचवें चरण में बीस विधानसभा सीटों में से छंब विधानसभा सीट ऐसा इकलौता विधानसभा क्षेत्र है, जहां पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है।
छंब विधानसभा सीट पर कुल 72413 मतदाता हैं। इनमें से 36396 महिला मतदाता और 36017 पुरुष मतदाता हैं। अन्य सभी विधानसभा सीटों में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से कहीं ज्यादा है। छंब विधानसभा क्षेत्र से महिला मतदाता सीमा देवी का कहना है कि महिलाओं के लिए यह गर्व की बात है कि छंब में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
उनका कहना है कि मताधिकार के प्रति महिलाओं में जागरूकता बढ़ी है और वे बढ़-चढ़कर चुनाव में हिस्सा ले रही हैं। महिलाओं का वोट उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने में अहम रहेगा, इसको लेकर इस विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं काफी उत्साहित हैं।