जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में रामनगर के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ सप्ताह के अंदर अज्ञात बीमारी से मरने वालों बच्चों की मौत का आंकड़ा दस तक पहुंच गया है। शुक्रवार को स्वास्थ्य निदेशालय की टीम जांच के लिए जब रामनगर पहुंची तो चार और बच्चों की पहचान हुई, जिनकी मौत अज्ञात बीमारी से हुई है। इसके अलावा छह बच्चों का उपचार अभी चल रहा है। जम्मू से आई टीम ने बच्चों के घरों में जाकर दवाओं के अलावा पानी व दूध के सैंपल भी लिए।
गौरतलब है कि पिछले कुछ सप्ताह में रामनगर के अंदर अज्ञात बीमारी का शिकार होने से बच्चों की मौत हो रही है। इन बच्चों को पहले बुखार होने की शिकायत सामने आई। इसके बाद जब इनको दवाई दी गई तो इन्होंने उल्टियां शुरू कर दीं। इसके बाद इनकी किडनी फेल होने पर मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने पहले ब्लाक स्तर और फिर बाद में जिला स्तर की डाक्टरों की टीम का गठन कर जांच की, लेकिन बीमारी के कारणों के बारे में कुछ नहीं पता चला।
शुक्रवार को स्वास्थ्य निदेशालय के सदस्यों की टीम जांच के लिए रामनगर पहुंची। जब रामनगर में टीम ने जांच शुरू की और एक-एक कर बच्चों के घरों में पहुंचना शुरू किया तो इसी दौरान टीम को पता चला कि चार और ऐसे बच्चे हैं, जिनकी मौत अज्ञात बीमारी से हुई है। इसी के साथ मरने वाले बच्चों की संख्या दस हो गई है। इसके अलावा छह बच्चों का उपचार चंडीगढ़, लुधियाना और जम्मू में चल रहा है।
स्टेट हेल्थ सोसाइटी की टीम ने रामनगर पहुंच कर मृत बच्चों के घर जाकर उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। बच्चों को उपचार के लिए दी गई दवाओं के सैंपल अपने साथ लिए। स्वास्थ्य टीम ान बनाए गए डाक्यूमेंट भी अपने साथ ले गई। इसके अलावा गांव में पानी, दूध के सैंपल भी लिए हैं। पानी व दूध के सैंपल से पता लगाया जाएगा कि कहीं गांव में कोई वायरस तो नहीं फैला है, जोकि बच्चों को अपना शिकार बना रहा है।
जल्द ही डाक्टरों की टीम चंडीगढ़ व लुधियाना जाकर भी जांच करेगी। स्टेट हेल्थ सोसाइटी की टीम की जांच के दौरान दो अन्य ऐसे बच्चे सामने आए हैं, जिनका उपचार अभी चल रहा है। इसी के साथ उपचाराधीन बच्चों की संख्या छह हो गई है। जांच के दौरान स्टेट हेल्थ सोसाइटी की टीम के साथ रामनगर के इंचार्ज बीएमओ डॉ. फारूक मोहम्मद फारूक भी मौजूद रहे।
स्टेट हेल्थ सोसाइटी की जांच टीम के सदस्यों के नाम
डॉ. कौशल, डॉ. मृदुला सिंह, डॉ. समीना नजीर, डॉ. भावना और केवल कृष्ण
अज्ञात बीमारी से मरने वाले बच्चों के नाम
नाम उम्र पिता का नाम निवासी
1. श्रेयांश 1.1 वर्ष मदन लाल केला
2. कान्हा डोगरा 3 वर्ष सुशील कुमार जंदराड़ी
3. अनिरुद्ध 2 वर्ष अशोक सिंह धनवालत रामनगर
4. अक्षु डेढ़ वर्ष संजू सनेत्र
5. जाह्न्वी 1 वर्ष अनिल कुमार गुंदिया रामनगर
6. सुरभि शर्मा 3 वर्ष गोविंद राम माड़ता रामनगर
7. लक्ष्मी डेढ़ वर्ष राज कुमार धीरन
8. पंकू एक वर्ष रमेश कुमार माड़ता
9. अमित साढ़े चार वर्ष रतन चंद कोगड़ मड़
10. नाम नहीं रखा था दो महीने जफरदीन नगरोटा पंजग्रांई
उपचाराधीन बच्चों के नाम
नाम उम्र पिता का नाम निवासी उपचार स्थान
1. अधव शर्मा 1.3 वर्ष जोगेंद्र कुमार नोजी रामनगर पीजीआई चंडीगढ़
2. निगरु 1 वर्ष कुलदीप एसएमजीएस जम्मू
3. प्रणव 3 वर्ष रमेश सुल्लन डीएमसी लुधियाना
4. तनवीर सिंह 3 वर्ष निहार सिंह कथील गंजू पीजीआई चंडीगढ़
दो और बच्चे हैं, इनका नाम व पता अभी पता नहीं चला है।