सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कश्मीर में अमरनाथ यात्रा 2025 की तैयारियों का लिया जायजा
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कश्मीर का दौरा कर अमरनाथ यात्रा के लिए की जा रही सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कश्मीर क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों और अधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था और हालात की जानकारी ली।
भारतीय सेना के अनुसार, जनरल द्विवेदी को मौजूदा ऑपरेशनल स्थिति और रणनीतिक पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्हें यह भी दिखाया गया कि सेना किस तरह आधुनिक तकनीकों को अपने अभियानों में शामिल कर रही है, जिससे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था और बेहतर हो रही है। सेना प्रमुख ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूरी सुरक्षा दी जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारियां पूरी रहें।