जम्मू विश्वविद्यालय में 22 नवंबर से पांच दिवसीय यूथ फेस्टिवल के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। देश के नार्थ जोन के करीब 45 विश्वविद्यालयों के प्रतिभागी इसमें शामिल होंगे और कैंपस में अपनी कला प्रतिभा का छाप छोड़ेंगे।
उल्लेखनीय है कि जम्मू यूनिवर्सिटी में पहली बार नार्थ जोन यूथ फेस्टिवल 2005 में हुआ था। इस बार आयोजन एसोसिएशन आफ इंडियन यूनिवर्सिटी की ओर से हो रहा है। नार्थ जोन में विभिन्न विश्वविद्यालय सम्मिलित हैं।
इनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी, गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी पंजाब, लखनऊ यूनिवर्सिटी, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी, गढ़वाल यूनिवर्सिटी आदि प्रमुख हैं। कला व प्रतिभा संपन्न विद्यार्थी यूनिवर्सिटी के मंच पर पहुंचेंगे और अपनी कलाओं को प्रदर्शित करेंगे।
गौरतलब है कि इस पांच दिवसीय युवा महोत्सव के दौरान कुल 25 कला सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। इसमें लोकनृत्य, संगीत, साहित्य, नाटक, फाइन आर्ट शामिल हैं। वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से नार्थ जोन यूथ फेस्टिवल को लेकर तैयारियां जारी हैं।
इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों को निमंत्रण पत्र भी भिजवाए गए हैं। युवा महोत्सव का प्रमुख कार्यक्रम जनरल जोरावर सिंह सभागार में होगा, जबकि ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह सभागार के अलावा अन्य हाल को भी बुक करवाया जा रहा है।