जामा मस्जिद में अता की गई नमाज
- फोटो : PTI
श्रीनगर की ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में शुक्रवार को प्रशासन द्वारा जुमा की नमाज पढ़ने दी गई। भारी संख्या में लोगों द्वारा शुक्रवार को जुमा की नमाज पढ़ी गई। नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन हुए।
गौरतलब है कि 8 जुलाई को हिज्ब कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद भड़की हिंसा को ध्यान में रखते हुए लगातार 19 शुक्रवार जामिया मस्जिद को सील रखा गया था। मीरवाइज मौलवी उमर फारूक को उनके नगीन स्थित घर में नजरबंद रखा गया और नमाज पढ़ाने की अनुमति नहीं दी गई।
जुमा की नमाज संपन्न होने के बाद श्रीनगर के पुराने शहर के नोहट्टा, राजौरी कदल आदि इलाकों में हिंसक प्रदर्शन भी देखने को मिले। प्रदर्शन कर रहे युवकों ने अपने हाथ में पाकिस्तानी झंडे लिए हुए थे। इसके अलावा उनके हाथ में इस्लामिक स्टेट जेके और शरीयत या शहादत के बैनर भी थे।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि जैसे ही उनका जुलूस आगे बढ़ने लगे तो वहां तैनात सुरक्षाबलों द्वारा आंसू गैस के गोले दागे गए जिसके बाद हिंसक भिड़ंत शुरू हुई। प्रदर्शनकारियों द्वारा जमकर पथराव भी किया गया। यह घमासान काफी देर तक जारी रहा और करीब आधा दर्जन लोग इसमें घायल हुए जिसमें जवान भी शामिल हैं।