डॉ. जितेंद्र सिंह
- फोटो : File Photo
पीएमओ में राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि कश्मीर में सुरक्षा बल अपने कार्य को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से संबंधित निर्णय सुरक्षा बलों पर ही छोड़ देने चाहिए।
आतंकी बुरहान वानी के मुद्दे पर कहा कि किसी भी आतंकी को रियायत नहीं दे सकते। आतंकवाद के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह सक्षम हैं।
इससे पहले सिंह द्वारा कड़माल क्षेत्र में बनाए गए दीक्षा छात्रावास मार्ग का उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों का उनके कार्यों के लिए मनोबल बढ़ाना हर किसी की जिम्मेदारी है। केंद्र का राज्य सरकार को पूरा सहयोग है। कश्मीर में हालात सामान्य की ओर बढ़ रहे हैं। कश्मीर मुद्दे पर अलगाववादियों से बात किए जाने के सवाल पर कहा कि यह निर्णय उच्च स्तरीय कमेटी लेगी।
दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस कॉरिडोर का निर्माण जल्द
डॉ. सिंह ने कहा कि दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस कॉरिडोर का निर्माण जल्द शुरू कर दिया जाएगा। देश के सबसे लंबे एक्सप्रेस कॉरिडोर के निर्माण से वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों को भारी लाभ होगा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर नाशरी टनल भी वाहनों की आवाजाही के लिए सितंबर में खोले जाने की संभावना है।